मादक विरोधी अभियान के बाद दो बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला
सिलीगुड़ी,16 मई (हि.स.)। सिलीगुड़ी के टिकियापाड़ा इलाके में मादक विरोधी अभियान में शामिल होने के बाद दो भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया गया। घायल कार्यकर्ताओं की पहचान दिलीप गुप्ता और विनोद साहू के रूप में हुई है। दोनों का इलाज सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में चल रहा है।
दलीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को वार्ड नंबर 28 के टिकियापाड़ा इलाके में बीजेपी के पांच नंबर मंडल की ओर से मादक विरोधी अभियान चलाया गया था। आरोप है कि अभियान खत्म कर रात में घर लौटते समय मादक कारोबारियों ने दोनों को घेर लिया और रॉड व डंडों से बेरहमी से हमला किया।
इस हमले में दोनों कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घटना की खबर मिलते ही सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष शनिवार अस्पताल पहुंचे, घायलों का हालचाल लिया और डॉक्टरों से बात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। बीजेपी ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

