सिरमौर में मारपीट के दो मामलों में केस दर्ज
नाहन, 15 अगस्त (हि.स.)।सिरमौर जिले में मारपीट की दो वारदातें सामने आई हैं। एक मामला नाहन में और दूसरा राजगढ़ में दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों जगह एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में नाहन के वाल्मीकि बस्ती निवासी अमन सोढी पुत्र पवन कुमार ने शिकायत दी कि 14 अगस्त को दोपहर वह कॉलेज से घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवकों ने उसकी कार रोक ली। कहासुनी के बाद समूह ने उस पर लोहे की रॉड, डंडे, मुक्कों, कड़े और पत्थरों से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता ने मावी उर्फ अंकित, भास्कर गुर्जर और हर्ष को पहचानते हुए बताया कि मौके पर 7-8 अन्य लोग भी थे। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी अन्वेषण शुरू कर दिया है।
दूसरा मामला राजगढ़ थाने का है राजगढ़ के गांव कटोगड़ा चमेची निवासी ललित पुत्र तारा दत्त ने बताया कि 13 अगस्त की शाम वह अपने दोस्त शुभम के साथ चाचा सोनू के घर खाना खाने जा रहा था। रास्ते में जितेन्द्र पुत्र दिनेश, निवासी कटोगड़ा चमेची ने रास्ता रोककर बहस शुरू कर दी। बहस के दौरान जितेन्द्र ने कड़े से ललित के सिर और कान के पास वार किया। शोर सुनकर ललित के पिता तारा दत्त बीच-बचाव करने आए तो जितेन्द्र ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों को चोटें आईं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

