home page

गोघाट पुलिस ने बरामद किया 33 किलो गांजा, दो गिरफ्तार

 | 
गोघाट पुलिस ने बरामद किया 33 किलो गांजा, दो गिरफ्तार


हुगली, 21 मई (हि. स.)। गोघाट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके से दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ओडिशा से एक डिजायर कार के जरिए भारी मात्रा में गांजा बर्दवान की ओर तस्करी कर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद गोघाट थाना पुलिस सतर्क हो गई और विशेष निगरानी शुरू की गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने हाजीपुर इलाके से संदिग्ध वाहन का पीछा करना शुरू किया। लंबे पीछा करने के बाद मान्दारण पर्यटन केंद्र के पास कार को रोक लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर कई पैकेटों में भरा करीब 33 किलो गांजा बरामद हुआ।

कार में मौजूद दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी लंबे समय से इस तस्करी गिरोह से जुड़े थे या नहीं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और राज्य के किन-किन इलाकों में इसकी आपूर्ति की योजना थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ने के कारण गोघाट पुलिस विशेष अभियान चला रही थी। इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। आरोपितों के खिलाफ मादक पदार्थ नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय