जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में अपराध की साजिश नाकाम, हथियार व गोली के साथ दो अपराधी गिरफ्तार.चार चक्का वाहन जप्त
सहरसा, 14 सितंबर (हि.स.)।जिले के बलवाहाट थाना पुलिस और एसटीएफ पटना की संयुक्त कार्रवाई में दो बदमाशों को हथियार व गोली के साथ गिरफ्तार किया है।बदमाशों के पास से एक चार चक्का वाहन भी जब्त किया गया है।मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया।
सोमवार को एसडीपीओ निशिकांत भारती ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि रविवार को बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार को सूचना मिली थी कि एक चार चक्का वाहन से दो बदमाश सिमरी बख्तियारपुर की ओर से बलवाहाट की तरफ जा रहा है। दोनों किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी था।सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी गई। इसके बाद सूचना का सत्यापन कर पुलिस टीम को कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार, पुअनि ऋतु रानी, मसि प्रीति कुमारी, सिपाही वशिष्ट कुमार के अलावा एसटीएफ पटना की टीम को शामिल किया गया। इसी दौरान सिमरी बख्तियारपुर की दिशा से बलवाहाट की तरफ जा रहा एक चार चक्का वाहन को खोजूचक चौक के पास पुलिस ने रोक लिया। पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में स्टेपनी चक्का के नीचे छिपाकर रखा गया एक लोडेड कट्टा और एक गोली बरामद हुआ। हथियार बरामद होते ही पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसमें सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर गिरफ्तार बदमाशों ने अपना नाम बलवाहाट थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव के वार्ड संख्या छह निवासी सोगेन्द्र यादव के पुत्र बिमलेश यादव तथा करूआ गांव के वार्ड संख्या छह निवासी सत्तो यादव के पुत्र नीरज यादव बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीपीओ निशिकांत भारती ने बताया कि गिरफ्तार दोनों बदमाशों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। बिमलेश यादव के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कुल छह मामले दर्ज हैं।नीरज यादव के विरुद्ध भी विभिन्न थानों में सात मामले पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी। एसडीपीओ ने बताया कि दोनों बदमाशों से आवश्यक पूछताछ पूरी करने के बाद सोमवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

