दो किलो गांजे के साथ, दो गिरफ्तार
कानपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। अरौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब दो किलो गांजा बरामद किया। गांजा ले जाने में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
थानाध्यक्ष विनय तिवारी ने रविवार को बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम नसिरापुर मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से दो किलो 280 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रांशु उर्फ रोहित पाल और सूरज कुमार पाल उर्फ छोटू के रूप में हुई है। दोनों बिठूर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर बिरतियान के रहने वाले हैं। बरामद गांजे के संबंध में दोनों से पूछताछ की गई और एनडीपीएस एक्ट के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

