home page

25 लाख मूल्य की 5 किलो से ज्यादा अफीम पकड़ी, बाइक सवार दो आरोपित पकड़े

 | 
25 लाख मूल्य की 5 किलो से ज्यादा अफीम पकड़ी, बाइक सवार दो आरोपित पकड़े


चित्तौड़गढ़, 04 मई (हि.स.)। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शंभूपुरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करो के विरूद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए 5 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अफीम परिवहन में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की है। पुलिस की और से जब्त की गई अफीम का अनुमानित मूल्य करीब 25 लाख रुपए बताया जा रहा है।

चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगातार कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज मीना एवं टीम में शामिल कांस्टेबल नरेश कुमार, रामकिशन, मुकेश कुमार, योगेन्द्र कुमार, महेन्द्र नैण ने थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की। इस दौरान आई बाइक को रुकवा कर तलाशी ली। बाइक पर दो व्यक्ति सवार थे, जिनसे तलाशी में 5 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। इस पर पुलिस ने बाइक सवार मध्यप्रदेश के नीमच जिले में राजपुरिया निवासी राज पुत्र मेघराज भील तथा जावी निवासी पप्पू पुत्र नाथूलाल सेन को गिरफ्तार किया। वहीं तस्करी में प्रयुक्त वाहन बाइक को जब्त कर लिया है। इस संबंध में शंभूपुरा थाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल