रायपुर : प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो आरोपित गिरफ्तार, 2 लाख 80 हज़ार रुपये का मशरूका जब्त
रायपुर, 18 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर के डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की बिक्री करने की फिराक में घूम रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, नगदी रकम, स्कूटी वाहन, आईफोन एवं मोबाइल फोन समेत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, डंगनिया स्थित शासकीय स्कूल के सामने पानी टंकी के पास दो व्यक्ति दोपहिया वाहन में सवार होकर प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम चूड़ामणि यादव उर्फ चुन्नू निवासी कृष्णा नगर डंगनिया और त्रिलोकी सोनी उर्फ छोटू निवासी साथी चौक लाखेनगर रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाईट्रोसन-10 बरामद हुई। दवा रखने एवं बिक्री करने के संबंध में आरोपितों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 444 नग नाईट्रोसन-10 टेबलेट, बिक्री की नगदी रकम 1,680 रुपये, घटना में प्रयुक्त स्कूटी वाहन, एक आईफोन एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में थाना डी.डी. नगर में नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

