home page

रायपुर : नशीली टेबलेट को खिलौने के बॉक्स में छिपाकर सप्लाई करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, 676 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट व चाकू बरामद

 | 
रायपुर : नशीली टेबलेट को खिलौने के बॉक्स में छिपाकर सप्लाई करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, 676 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट व चाकू बरामद


रायपुर, 21 मार्च (हि.स.)। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट एवं एक बटनदार चाकू के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित कलिंग नगर स्थित सीएसईबी मैदान के पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में थे।

21 मार्च शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, दो लोग दोपहिया वाहन पर सवार होकर नशीले पदार्थ के साथ ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान सिद्धू बाघ और रोहित कुमार के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपितों के पास से 676 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजपैम बरामद हुई। हैरानी की बात यह रही कि यह गोलियां खिलौने के बॉक्स में छिपाकर लाई जा रही थीं, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। इसके अलावा आरोपितों के पास से एक बटनदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपये है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि, वे नशीली गोलियां उड़ीसा से लाकर रायपुर में सप्लाई करते थे। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ी जोड़ने के लिए आगे की जांच कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है। इस मामले में गुढ़ियारी थाने में आरोपितों के विरूद्ध नारकोटिक एक्ट और आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर