नाहन में 19.44 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
नाहन, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस थाना नाहन के तहत डिटेक्शन सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 19.44 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार सोमवार को डिटेक्शन सेल की टीम चबाहा के समीप गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि ददाहू निवासी रोहित परमार और निकुंज कुमार उर्फ भानु कथित तौर पर काफी समय से ददाहू व आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना मिली कि दोनों आरोपी वाहन संख्या HP 63C-2969 में चिट्टे की खेप लेकर कालाआंब की ओर से ददाहू की तरफ जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 19.44 ग्राम चिट्टा और 1,000 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ के साथ ही नशे की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए आगामी जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

