साढ़े तीन किलो ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 07 जुलाई (हि.स.)। नक्सलबाड़ी के रथखोला मोड़ इलाके में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मादक तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मिजानुल शेख और नासिम शेख के रूप में हुई है। दोनों मालदा जिले के वैष्णवनगर के निवासी है। तस्करों के पास मौजूद एक बाजार के बैग से लगभग साढ़े तीन किलो ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपित मालदा जिले से बस के जरिए नक्सलबाड़ी पहुंचे थे। वहां मादक पदार्थ की खेप की डिलीवरी (हैंडओवर) की योजना बना रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
एसटीएफ के अनुसार, दोनों लंबे समय से कथित तौर पर पुलिस की नजरों से बचकर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे।
बरामदगी के बाद आरोपितों को नक्सलबाड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। उन्हें सिलीगुड़ी महकमा अदालत में मंगलवार को पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किसे सौंपी जानी थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

