बहराइच पुलिस ने 10 किलो अफीम के साथ एक नेपाली सहित दो को किया गिरफ्तार
बहराइच, 16 मई (हि.स.)। रुपईडीहा पुलिस और एएनटीएफ बाराबंकी के संयुक्त दल ने दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से करीब 10 किलो अफीम बरामद हुई है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय मार्किट में कीमत 50 लाख से अधिक की बताई जा रही है। आरोपितों पर मादक पदार्थ तस्करी अधिनियम की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया है।
रुपईडीहा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबागंज कस्बे में दो तस्कर मादक पदार्थ के साथ भागने की फिराक में हैं। सूचना पर बाराबंकी की एएनटीएफ इकाई के एसआई पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, एसआई करुणेश पाण्डेय, मनीष दुबे, थानाध्यक्ष रुपईडीहा रमेश रावत व एसआई जीतेश सिंह का दल गठित किया गया।
दल ने मल्हीपुर-बाबागंज मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के निकट से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। जामातलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 10 किलो से ऊपर अफीम बरामद की गई।
थानाध्यक्ष रमेश रावत ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों की पहचान नेपाल निवासी खिम बहादुर कार्की एवं बहराइच जनपद के बाबागंज निवासी पंकज वर्मा के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों को मादक पदार्थ तस्करी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

