home page

भगवानपुर में अवैध हथियार परीक्षण के दौरान गोली चली, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
भगवानपुर में अवैध हथियार परीक्षण के दौरान गोली चली, दो आरोपी गिरफ्तार


सीवान, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के परीक्षण के दौरान गोली चलने की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल 2026 की संध्या करीब 3:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र निवासी पवन कुमार को गोली लगने से घायल अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर लाया गया है। सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेजा गया।

प्रारंभिक जांच में घायल के साथी दीपक कुमार द्वारा बार-बार बयान बदलने से पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर दीपक कुमार ने बताया कि वह और उसका साथी रंजन कुमार भगवानपुर में पिस्टल खरीदने आए थे। इसी दौरान बहिउरा चंवर में हथियार का परीक्षण करते समय अचानक गोली चल गई, जो पवन कुमार के पेट में लग गई।

घटना के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने के लिए लूटपाट की झूठी कहानी गढ़ी और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दीपक कुमार और रंजन कुमार को घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सारण जिले के तरैया थाने के सरैया रतनाकर भोला प्रसाद का पुत्र दीपक कुमार तथा सीवान जिले के भगवानपुर हाट निवासी कन्हैया मांझी का पुत्र

रंजन कुमार शामिल हैं।

पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा, दो कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस संबंध में भगवानपुर हाट थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma