सारण में अवैध हथियार और कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
सारण, 21 जून (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में चलाई जा रही विशेष छापेमारी के दौरान अकिलपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
अकिलपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम रामदासचक दियर में चार संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं। सूचना मिलते ही अकिलपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने खदेड़कर दो अभियुक्तों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सलहली ग्राम निवासी जितेन्द्र राय और रामदासचक ग्राम निवासी गणेश महतो के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक चाकू और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहगीरों से लूटपाट की योजना बना रहे थे।
इस मामले में अकिलपुर थाना कांड संख्या-102/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

