निजी बैंक के कोषाध्यक्ष की आत्महत्या मामले में दो गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 18 जनवरी (हि. स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा के एक निजी बैंक के कोषाध्यक्ष प्रह्लाद बसाक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बैंक प्रबंधन की लिखित शिकायत के आधार पर फांसीदेवा थाने की पुलिस ने बैंक के मैनेजर प्रताप सरकार और एक कर्मचारी समीर देवनाथ को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी रविवार को पुलिस की तरफ से दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बैंक में करीब 14 लाख रुपये की वित्तीय गड़बड़ी का आरोप सामने आया है।
बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार को प्रह्लाद बसाक बैंक से कुछ समय के लिए बाथरूम जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इस पर अन्य कर्मचारियों को संदेह हुआ। बाद में एक कमरे के अंदर से उनका शव बरामद किया गया।फांसीदेवा थाने की पुलिस ने उन्हें तुरंत फांसीदेवा ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने करीब 14 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए फांसीदेवा थाने में घटना के बाद शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को पूछताछ के बाद शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। फांसीदेवा थाने की पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

