घनी आबादी में पटाखे जमा करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, 12 पेटियां पटाखा बरामद
कानपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में बिल्हौर थाना क्षेत्र अंतर्गत घनी आबादी के बीच अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके ठिकानों से 12 पेटियों में विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए हैं। बिना लाइसेंस रिहायशी इलाकों में पटाखों का भंडारण कर आसपास रहने वाले लोगों की जान और माल को खतरे में डाला जा रहा था।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने गुरुवार को बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने मोहल्ला लक्ष्मीबाई नगर निवासी हर्षित गुप्ता उर्फ रौनक को सिंह वाहिनी मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। उसके ठिकाने से आठ पेटी पटाखे बरामद हुए। वहीं, ग्राम उत्तरी निवासी सावन राठौर उर्फ वेदप्रकाश को उत्तरी बंबा के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चार पेटी पटाखे मिले।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों बिना किसी वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण कर रहे थे। घनी आबादी में ज्वलनशील सामग्री रखे होने से आग लगने या विस्फोट की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

