राजगढ़ में चिट्टे के साथ दो युवक काबू
नाहन, 17 अगस्त (हि.स.)। जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस थाना राजगढ़ की डिटेक्शन सेल टीम ने गश्त के दौरान शमशान घाट के पास से 2 युवकों को 1.28 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को राजगढ़ पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान शमशान घाट राजगढ़ के पास रास्ते में 2 युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बैठे मिले। एक के हाथ में इंसुलिन की सिरिंज और दूसरे के पास माचिस की डिब्बी रखी थी। पूछताछ में दोनों घबरा गए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विवेक चौहान, निवासी गांव धारनू, डाकघर जयहर, तहसील पच्छादऔर शुभम कमल, निवासी कमल निवास, वार्ड-4, राजगढ़ बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना राजगढ़ में एन डी पी एस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

