home page

नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, दो गिरफ्तार

 | 
नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, दो गिरफ्तार


कानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। काकादेव थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाने, उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य नाबालिग आरोपित और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित की पहचान पढ़ाई के दौरान सिद्धार्थनगर निवासी 17 वर्षीय छात्र से हुई थी। आरोप है कि करीब एक माह पहले उसने जन्मदिन मनाने के बहाने छात्रा को काकादेव स्थित एक होटल में बुलाया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए।

पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद मुख्य आरोपित वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा। बाद में उसने कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो अपने साथी इब्राहिम, निवासी रावतपुर को भी भेज दिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर छात्रा पर दबाव बनाया और उसके खाते से 20 हजार रुपये इब्राहिम के खाते में ट्रांसफर करा लिए।

घटना की जानकारी होने पर पीड़िता की शिकायत के आधार पर काकादेव थाने में दुष्कर्म, पॉक्सो अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने नियमानुसार पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया तथा न्यायालय के समक्ष उसके बयान भी दर्ज कराए।

पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए घटना में नामजद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार मुख्य आरोपित के उपलब्ध अभिलेखों की जांच में उसके विरुद्ध कोई पूर्व आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। दोनों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है तथा मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप