home page

मोबाइल लूटने के आरोप में दो गिरफ्तार, चाकू बरामद

 | 
मोबाइल लूटने के आरोप में दो गिरफ्तार, चाकू बरामद


रांची, 20 अगस्त (हि.स. )। रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में चाकू का भय दिखाकर मोबाइल फोन लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में इस्तेमाल बाइक, लूटे गए दो स्मार्ट मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, बसंत विहार, हरमू निवासी नीरज किस्कु ने अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि आरोपितों ने चाकू का भय दिखाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मो. फैज आलम उर्फ प्रिंस और मो. गुलाममुद्दीन उर्फ बड़का को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों में फैज आलम उर्फ प्रिंस निजाम नगर, हिंदपीढ़ी का रहने वाला है, जबकि गुलाममुद्दीन उर्फ बड़का मूल रूप से केरेडारी, हजारीबाग का निवासी है और वर्तमान में बरियातू थाना क्षेत्र की सतार कॉलोनी में रह रहा था।

कार्रवाई में अरगोड़ा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सतीश कुमार गोराई, पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार राय, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार उपाध्याय सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे