home page

उज्जैनः जैकेट के बंडल चोरी करने वाली महिला सहित दो गिरफ्तार

 | 
उज्जैनः जैकेट के बंडल चोरी करने वाली महिला सहित दो गिरफ्तार


उज्जैन, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में आरडी गार्डी अस्पताल के सामने आगर रोड स्थित दुकान से हुई इस चोरी की शिकायत पर चिमनगंज मंडी पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 11 जैकेट, 4 लेडीज स्वेटर और चोरी में उपयोग किया गया ऑटो रिक्शा जब्त किया है। जब्त मश्रुका की कुल कीमत करीब 2.80 लाख रुपए बताई गई है।

चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने शुक्रवार को बताया कि ग्राम भीलखेड़ा निवासी पिंटू पिता बने सिंह जैकेट बेचने का व्यवसाय करता है। वह 18 नवंबर को इंदौर से जैकेट के दो बंडल लेकर उज्जैन आया था। इनकी कीमत करीब 41 हजार 850 रुपए थी। उसने दोनों बंडल आरडी गार्डी अस्पताल के सामने आगर रोड स्थित अपनी बांस-बल्ली की दुकान में रख दिए थे। 19 नवंबर की सुबह ऑटो रिक्शा से दो लोग दुकान पर पहुंचे और जैकेट के दोनों बंडल चोरी कर फरार हो गए। फरियादी ने ऑटो का नंबर एमपी 13 एएन 9450 देख लिया था। इसके आधार पर उसने चिमनगंज मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

टैंचिंग ग्राउंड के पास खड़ा मिला ऑटो

पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के बाद वकील पुत्र हजारीलाल 30 वर्ष और पार्वती पत्नी अरविन्द 30 वर्ष दोनों निवासी शंकरपुर मक्सी रोड, पवासा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर एमआर-5 रोड स्थित टैंचिंग ग्राउंड के पास खड़ा ऑटो रिक्शा जब्त किया गया। तलाशी लेने पर उसमें 11 जैकेट और 4 लेडीज स्वेटर मिले। पुलिस ने करीब 30 हजार रुपए कीमत के कपड़े और 2.50 लाख रुपए कीमत का ऑटो जब्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज