(अपडेट) दो करोड़ के आईफोन चोरी मामले में कंजर गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार
- देवास से पकड़े गए आरोपित लगातार बदल रहे थे ठिकाना, दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद
रायपुर, 26 नवंबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब दो करोड़ रुपये के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपित की पहचान राज झाला (20वर्ष ) और राजेश लोधी (35वर्ष ), दोनों निवासी टोंककला, जिला देवास (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद किया गया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर अज्ञात चोरों ने 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई थी। आरोपित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। इस मामले में दुकान संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर तेलीबांधा थाना में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले कंजर गिरोह के सरगना राजेश झाला (43वर्ष ), राज झाला (20वर्ष ), राजेश लोधी (35वर्ष ) और चोरी के आईफोन प्राप्त करने वाले सफान खान (38वर्ष ), निवासी बड़वानी को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 125 आईफोन और वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन बरामद किया गया था। जब्त सामान की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार राज झाला और राजेश लोधी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड जब्त किया गया है।
रायपुर पुलिस के अनुसार, अंतरराज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका और चोरी के शेष सामान के संबंध में भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

