फर्जी रजिस्ट्री कर जमीन हड़पने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 06 जून (हि.स.)। कृषि भूमि की फर्जी रजिस्ट्री करवा कर नामांतरण कराने के मामले में भादसोड़ा थाना पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भूमि रिकॉर्ड में हेरफेर की और असली कब्जाधारियों को नुकसान पहुंचाने का षड्यंत्र रचा था।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 10 जून 2024 को बालमुकुंद राव निवासी मावरा ने रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि गांव मावरा में 1.5100 हेक्टेयर कृषि भूमि 06 जून 1992 को उनके पिता ने देवा पुत्र हेमा बंजारा से खरीदी थी और तभी से परिवार का कब्जा है। आरोपितों ने षड्यंत्र के तहत हजारी पुत्र भावसिंह बंजारा निवासी शंभूपुरा को देवा पुत्र हेमा बंजारा बता कर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। 22 मई 2024 को उप तहसील कार्यालय भादसोड़ा में उसी फर्जी दस्तावेज से जमीन की रजिस्ट्री और उसी दिन नामांतरण भी करवा दिया। इसी तरह नानूराम और रमेश बंजारा निवासी दौलतपुरा ने भी देवा पुत्र लक्ष्मण का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा कर उसमें दादा का नाम देवा पुत्र हेमा बंजारा लिखवाया, जबकि असली देवा पुत्र लक्ष्मण की मृत्यु 08 जून 1978 से पहले हो चुकी थी। जांच के बाद पुलिस ने भागीरथ पुत्र रामलाल रेगर निवासी मंडफिया और राजू पुत्र नंदलाल नायक निवासी कुरेठा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच जारी है। इस षड्यंत्र में दस्तावेज लेखक, स्टाम्प वेंडर सहित कुल 8 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें लेकर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

