अवैध हथियारों के साथ दो बदमाश गिरफ्तार
जोधपुर, 26 मई (हि.स.)। साइबर सैल जिला जोधपुर ग्रामीण व पुलिस थाना सोजत रोड ने संयुक्त रूप से अवैध हथियारों की तस्करी के विरूद्व बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुल्जिम गिरफ्तार किए है। उनके पास से दो अवैध पिस्टल, तीन मैगजीन व चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए है। यह दोनों अवैध हथियारों की स्थानीय स्तर पर सप्लाई करते थे।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने बताया कि जिले के सभी थानाधिकारियों, वृताधिकारियों व जिला साइबर सैल को अवैध हथियारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए तस्करों की धरपक्कड़ के निर्देश दिए गए थे, जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण भोपालसिंह लखावत व उप अधीक्षक पुलिस साइबर सैल जोधपुर ग्रामीण रतनसिंह के निर्देशन में एएसआई मनफूल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
कांस्टेबल सेठाराम व किशोर दुकतावा की मुखबिरी सूचना पर सियाट बस स्टैंड सोजत रोड से पुलिस थाना सोजत रोड की इमदाद से दो मुल्जिम घाणामगरा पुलिस थाना बिलाड़ा निवासी विक्रम पुत्र रामनिवास जाट एवं तिलवासनी निवासी रामकिशोर पुत्र बुधाराम विश्नोई को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। तलाशी के दौरान उनके पास दो अवैध पिस्टल, तीन मैग्जीन व चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में पता चला कि मुल्जिम विक्रम पुलिस थाना बिलाड़ा के मामलों में वांछित चल रहा था। विक्रम के विरूद्व पूर्व में भी आम्र्स एक्ट, डकैती के प्रकरण दर्ज है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

