पानापुर में दहेज हत्या मामले में मृतिका का पति समेत दो गिरफ्तार
सारण, 27 जून (हि.स.)।
जिले में पानापुर थाना क्षेत्र के धनौती गांव में दहेज की खातिर एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतिका के पिता द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने पानापुर थाना कांड संख्या 274/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी व मृतिका के पति अमित कुमार शर्मा के साथ एक अन्य महिला अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वालों द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी, और मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
सब इंस्पेक्टर संजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

