home page

रायपुर : मारपीट कर मोबाइल और एक्टिवा की चाबी लूटने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर : मारपीट कर मोबाइल और एक्टिवा की चाबी लूटने वाले दो आरोपित गिरफ्तार


कंकालीपारा के पास दिया था वारदात को अंजाम, लूट का मोबाइल, बेल्ट और चाबी जब्त

रायपुर, 17 अक्टूबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में मारपीट कर मोबाइल फोन और एक्टिवा की चाबी लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों ने आपसी लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल बेल्ट और एक्टिवा की चाबी जब्त की है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को कंकालीपारा के पास प्रार्थी के साथ दो अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट की थी। आरोपितों ने बेल्ट से हमला कर उसके पास मौजूद मोबाइल फोन और एक्टिवा की चाबी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों से पूछताछ की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपितों ने आपसी लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने मामले में धीरेन्द्र सिंह तोमर (37 वर्ष), निवासी प्रिय नगर, अग्रवाल कॉलोनी, थाना डी.डी. नगर, रायपुर, और आकाश पाण्डेय (38 वर्ष), निवासी महोबा बाजार, राजीव नगर, थाना आमानाका, रायपुर को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक लाल रंग का चमड़े का बेल्ट और स्कूटी एक्टिवा की चाबी जब्त की गई है। मामले में थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 545/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को 17 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर