home page

दोस्त की हत्या कर शव को पन्नी के बंडल में छुपाया, दो गिरफ्तार

 | 
दोस्त की हत्या कर शव को पन्नी के बंडल में छुपाया, दो गिरफ्तार


गाजियाबाद, 09 मई (हि.स.)। गाजियाबाद पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फैक्ट्री परिसर में ही पन्नी के बंडल में छिपा दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया तथा शनिवार काे गाजियाबाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपित रेहान राय पुत्र बेचन राय और अकिल राय पुत्र जाबिर राय ने बताया कि वे और मृतक गुलाम असरफ (19 वर्ष) एक ही गांव बलुआ जागीर टेढागाछ किशनगंज, बिहार के निवासी है और यहां वेव सिटी क्षेत्र के दीनानाथपुर पूठी गांव स्थित एक पन्नी की फैक्ट्री में काम करते थे। कुछ समय पूर्व शराब के नशे में गुलाम ने उनके साथ मारपीट की थी, जिससे वे रंजिश रखने लगे थे।

मौका देखकर 28 अप्रैल की रात आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से गुलाम को अत्यधिक शराब पिलाई और जब वह सो गया, तो आरोपियों ने वहां पड़े फावड़े से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उन्होंने फैक्ट्री परिसर में ही पन्नी के बंडल में शव को छिपा दिया।

उन्होंने बताया कि मामले की शुरुआत बिहार के किशनगंज जिले के थाना टेढ़ागाछ में 'जीरो एफआईआर' के रूप में हुई थी, जिसे बाद में घटनास्थल वेव सिटी होने के कारण यहां स्थानांतरित किया गया। वेव सिटी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया और इनकी निशांदेही पर शव को फैक्ट्री परिसर में रखे पन्नी के बंडलों के बीच से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसीपी ने बताया कि आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी