पुरानी रंजिश में घर में घुसकर जानलेवा हमला, दो सगे भाई गिरफ्तार; गंभीर घायल युवक बिलासपुर रेफर
जांजगीर-चांपा, 06 नवंबर (हि. स.)। जिले के जांजगीर थाना क्षेत्र के ग्राम लच्छनपुर केराझरिया में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने प्रार्थी और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। घटना में एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसे उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी नोहर नाथ गोस्वामी निवासी लच्छनपुर केराझरिया ने शिकायत दर्ज कराई कि 5 नवंबर 2026 की रात वह अपने नाती-पोतों को मोटरसाइकिल से लेकर चांपा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चांपा एनीकट के पास उसकी मुलाकात गांव के विक्की ठाकुर उर्फ सोमेश सिंह राजपूत से हुई। पुरानी बात को लेकर विक्की ने उसके साथ गाली-गलौच की और मारने के लिए दौड़ाया। प्रार्थी किसी तरह अपने नाती-पोतों को वहीं छोड़कर जान बचाते हुए घर पहुंचा और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
आरोप है कि विक्की ठाकुर डंडा लेकर प्रार्थी के घर पहुंचा और दरवाजा धक्का देकर अंदर घुस गया। उसने घर में गाली-गलौच करते हुए प्रार्थी की पत्नी के साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर प्रार्थी के बेटे वीरेंद्र गोस्वामी और लुकेश्वर गोस्वामी बाहर आए। इसके बाद विक्की एनीकट के पास पहुंचा, जहां उसका भाई कन्हाई सिंह राजपूत भी आ गया। दोनों ने मिलकर वीरेंद्र और लुकेश्वर के साथ मारपीट की। विक्की ने लकड़ी के डंडे से वीरेंद्र और लुकेश्वर के सिर पर वार किया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी के पैर पर भी डंडे से हमला किया गया। कन्हाई ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
घटना में वीरेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। उसे तत्काल जांजगीर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर थाना कोतवाली पुलिस ने निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित की।
पुलिस टीम ने ग्राम लच्छनपुर के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने विक्की ठाकुर उर्फ सोमेश सिंह राजपूत के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा जब्त किया है। दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर आज शुक्रवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

