home page

चांपा में निर्माणाधीन मकान में चोरी की कोशिश, चाकू दिखाकर धमकाने वाले दो गिरफ्तार

 | 
चांपा में निर्माणाधीन मकान में चोरी की कोशिश, चाकू दिखाकर धमकाने वाले दो गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र के भोजपुर में निर्माणाधीन मकान में चोरी की कोशिश के मामले में पुलिस ने आज दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने मकान में लगे बोरवेल की मशीन खोलकर चोरी करने का प्रयास किया था। विरोध करने पर एक आरोपित ने चाकू दिखाकर धमकी भी दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से चोरी के प्रयास में इस्तेमाल सामान, लोहे का चाकू, स्टार्टर समेत अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, भोजपुर निवासी ममता देवी ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके निर्माणाधीन मकान में लगे बोरवेल की मशीन को दो व्यक्ति खोलकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें धमकी दी। इस दौरान अविनाश यादव के हाथ में लोहे का चाकू था। प्रार्थिया के शोर मचाने पर दोनों आरोपित मौके से भागने लगे, लेकिन आसपास के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।

मामले की सूचना मिलने के बाद चांपा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अविनाश यादव (35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 17 भोजपुर चांपा और कुश सिंह चौहान (19 वर्ष), निवासी भोजपुर चांपा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी के प्रयास की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपित अविनाश यादव के कब्जे से लोहे का चाकू बरामद किया, जबकि कुश सिंह चौहान के कब्जे से चोरी का स्टार्टर और अन्य सामान जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT