home page

तृणमूल कार्यकर्ता पर फायरिंग में दो गिरफ्तार

 | 
तृणमूल कार्यकर्ता पर फायरिंग में दो गिरफ्तार


दक्षिण दिनाजपुर, 26 मार्च (हि. स.)। जिले के गंगारामपुर में तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता पर गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था। इस मामले में मुख्य आरोपित अभी भी फरार है, जबकि पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गंगारामपुर शहर तृणमूल के एससी/ओबीसी सेल के अध्यक्ष बाबू चौधरी इस मामले के मुख्य आरोपित है, जो अभी तक पकड़ से बाहर है। हालांकि, घटना में संलिप्तता के आरोप में मनोज प्रसाद जायसवाल और विश्वजीत कुंडू को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गुरुवार को एक पत्रकार सम्मेलन में गंगारामपुर महकमा पुलिस अधिकारी शुभतोष सरकार ने बताया कि बाबू चौधरी और घायल तृणमूल कार्यकर्ता शिवा चौधरी के बीच व्यावसायिक दुश्मनी थी। इसी रंजिश के चलते मंगलवार देर रात गंगारामपुर थाना क्षेत्र के पास शिवा चौधरी को निशाना बनाकर गोली चलाई गई। घटना के बाद घायल शिवा चौधरी के परिवार की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। उसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार