छात्र पर कटर से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
बांदा, 05 नवंबर (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पैलानी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक छात्र पर कटर से हमला कर उसे घायल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया कटर भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर को खप्टिहाकला गांव निवासी रामबाबू ने पैलानी थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका भाई रणछोड़दास इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गया था। इसी दौरान गांव के ही शिवम और प्रयांशु ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ मारपीट की और कटर से हमला कर उसे घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दोनों आरोपियों शिवम पुत्र दीपू और प्रयांशु पुत्र राजू, निवासी ग्राम खप्टिहाकला, थाना पैलानी को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कटर भी बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि प्रकरण में परिजनो से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन किया गया। टीम ने आज दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया है। ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

