महिला कंटेंट क्रिएटर्स से बदसलूकी के आरोप में दो गिरफ्तार
जलपाईगुड़ी, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के राजगंज ब्लॉक स्थित आमबाड़ी बैराज के पास दो महिला कंटेंट क्रिएटर्स से कथित तौर पर बदसलूकी और उनका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश के मामले में भोरेर आलो थाने की पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुजन राय और चंद्र प्रधान के रूप में हुई है। दोनों को शनिवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले दोनों युवतियां आमबाड़ी बैराज के पास स्थित एक मंदिर परिसर में वीडियो बनाने गई थी। आरोप है कि वीडियो बनाने को लेकर वहां मौजूद दो लोगों के साथ उनका विवाद हो गया। इसके बाद दोनों आरोपितों ने कथित तौर पर युवतियों से अभद्र भाषा में बात की और गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनने की कोशिश करने का भी आरोप है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शुक्रवार रात को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय निवासी सुजन चंद्र राय ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि वीडियो में युवतियों को धमकाने और मोबाइल फोन छीनने की कोशिश किए जाने जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई से आम लोगों का पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

