भारत-नेपाल सीमा पर 4 लाख नेपाली करेंसी के साथ दो गिरफ्तार
किशनगंज, 29 जून (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध करेंसी की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार लाख नेपाली रुपये के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से बरामद नेपाली मुद्रा और एक मोटरसाइकिल को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार एसएसबी सालबाड़ी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल (संख्या BR-3एए-4136) पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार लाख नेपाली रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के झापा जिले के पिंडलबाड़ी निवासी 61 वर्षीय चंद्र प्रसाद सिंह राजवंशी तथा किशनगंज जिले के दिघलबैंक थाना क्षेत्र के पसंगाछी निवासी 52 वर्षीय विशेश्वर प्रसाद गिरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपी बरामद नेपाली करेंसी के स्रोत और इसे ले जाने के उद्देश्य के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर नकदी और मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई। प्राथमिक जांच में मामला हवाला कारोबार अथवा अवैध करेंसी तस्करी से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद राशि भारत लाई जा रही थी या नेपाल भेजी जा रही थी। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस और एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल की खुली सीमा का दुरुपयोग कर अवैध करेंसी और अन्य सामानों की तस्करी की कोशिशें समय-समय पर सामने आती रहती हैं। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए सीमा क्षेत्र में सघन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

