home page

दस लाख रुपये नकद के साथ दो गिरफ्तार, ड्रग्स तस्करी से जुड़े तार खंगाल रही पुलिस

 | 

जलपाईगुड़ी, 10 अक्टूबर (हि.स)। जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस ने दसदड़गाह इलाके में एक कार से दस लाख रुपये नकद बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि दोनों का संबंध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क से हो सकता है। हालांकि, मामले की जांच जारी है। शनिवार को दोनों आरोपितों को कड़ी सुरक्षा के बीच जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर एक को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसमें से दस लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों ने रकम के वैध स्रोत के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में आनंद थापा भी शामिल है, जो जलपाईगुड़ी शहर के पुलिस लाइन इलाके का निवासी बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पिछले सितंबर में गिरफ्तार एक कथित मादक पदार्थ तस्कर से पूछताछ के दौरान आनंद का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों शुक्रवार को सिलीगुड़ी से कार में सवार होकर मादक पदार्थ खरीदने के लिए निकले थे। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बरामद नकदी के स्रोत और संभावित तस्करी नेटवर्क से उसके संबंधों की जांच कर रही है।

शनिवार को दोनों आरोपितों को कड़ी सुरक्षा के बीच जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने आनंद थापा से पूछताछ के लिए पांच दिनों की रिमांड पर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार