भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 28 जुलाई (हि.स.)। सिलीगुड़ी के शालबाड़ी इलाके में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार रात छापेमारी कर पुलिस ने लगभग 1600 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान सौरभ शर्मा और स्वराज राय के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब तीन महीनों से वे शालबाड़ी के वृंदावन इलाके में एक किराए के मकान में रह रहे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उस किराए के घर में युवाओं की आवाजाही देखी जा रही थी। इससे लोगों में संदेह पैदा हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को सोमवार को दी। सूचना मिलते ही माटीगाड़ा थाना पुलिस सतर्क हो गई और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। आखिरकार सोमवार रात पुलिस ने उस किराए के मकान पर अचानक छापा मारा। तलाशी के दौरान एक बैकपैक से करीब 1600 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों को मंगलवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

