नाबालिग से दुष्कर्म व उत्पीड़न का आरोप, दो गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 24 जून (हि. स.)। एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और शादी का झांसा देकर उसे घर में बंधक बनाकर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देने का मामला बुधवार को सामने आया है। यह आरोप माटीगाड़ा दो नंबर ग्राम पंचायत की सदस्य सुनीति राय और उनके परिवार पर लगा है। घटना से माटीगाड़ा के पतीरामजोत शांतिमय कॉलोनी इलाके में हड़कंप मच गया है। आरोपित का नाम सुरजीत राय एवं सम्राट राय है।
परिजनों के अनुसार, पंचायत सदस्य के छोटे बेटे सुरजीत राय का पहले से ही लड़की से परिचय था और वह अक्सर स्कूल जाते समय उसे परेशान करता था। आरोप है कि करीब तीन महीने पहले घर में अकेला पाकर उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि पंचायत सदस्य ने पीड़िता के परिवार को धमकाकर चुप करा दिया और अपने बेटे से शादी कराने का वादा कर लड़की को अपने घर ले जाकर रखा। इसके बाद से उसके साथ लगातार शारीरिक और मानसिक अत्याचार किया जाता रहा। दो दिन पहले किसी तरह पीड़िता वहां से भागकर अपने घर पहुंची, जिसके बाद मंगलवार को परिवार ने माटीगाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पहले आरोपित सुरजीत राय को गिरफ्तार किया। बाद में लड़की को बंधक बनाकर रखने के आरोप में उसके बड़े भाई सम्राट राय को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

