मंडफिया में 1.95 किलो अफीम जब्त, दो गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 28 मई (हि.स.)। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मंडफिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 1 किलो 950 ग्राम अवैध अफीम एवं तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी जब्त कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्रसिंह ने बताया कि आईजी रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन व डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी रविन्द्र सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम नाकाबंदी व गश्त पर थी। दोपहर 3 बजे केसरखेड़ी स्कूल के पास पुलिस ने नाकाबंदी की। इसी दौरान 3.10 बजे अमरपुरा गांव की तरफ से सफेद रंग की स्कूटी आती दिखाई दी। स्कूटी पर दो व्यक्ति सवार थे। पुलिस नाकाबंदी देख कर दोनों ने स्कूटी रोक कर वापस अमरपुरा की तरफ घुमाने का प्रयास किया। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई कर स्कूटी को रोककर दोनों को डिटेन किया। तलाशी के दौरान स्कूटी की सीट का लॉक खोल कर डिक्की में देखा गया तो प्लास्टिक की थैली में अवैध अफीम मिली। वजन करने पर अफीम 1 किलो 950 ग्राम मय बारदान पाई गई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस जूपीटर स्कूटी को भी जब्त कर लिया। मामले में पुलिस ने गोपाल जाट पुत्र भगवानलाल जाट, निवासी केसरखेड़ी थाना मंडफिया तथा प्रकाश जाट पुत्र माधुलाल जाट, निवासी घोड़ाखेड़ा थाना मंडफिया को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

