मवेशी तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार
| Oct 24, 2026, 14:31 IST
सिलीगुड़ी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। चिप्स के पैकेट के अंदर मवेशी तस्करी की साजिश को फांसीदेवा के घोषपुकुर चौकी की पुलिस ने नाकाम कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम मेहदी आलम और हबीबुर् रहमान हैं। दोनों असम के बारपेटा के रहने वाले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार तड़के बिहार की ओर से आ रही चिप्स से भरी एक बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 11 मवेशी (गाय) बरामद किए गए। आरोपित मवेशी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया जिसके बाद दोनों आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी ओर, बरामद किए गए 11 मवेशियों को पशुशाला भेज दिया गया है। फांसीदेवा के घोषपुकुर चौकी की पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

