home page

एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक से 52 किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

 | 
एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक से 52 किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार


जलपाईगुड़ी, 19 नवंबर (हि. स.)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और भोरेर आलो थानांतर्गत गाजोलडोबा आउटपोस्ट (चौकी) की पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। गुरुवार शाम को गाजोलडोबा इलाके में संयुक्त अभियान चलाकर एक चार पहिया मालवाहक ट्रक से करीब 52 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम शुभजीत दास और मंगलदीप भद्र बताए गए हैं। दोनों कूचबिहार जिले के तूफानगंज के निवासी हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली थी कि गाजोलडोबा के रास्ते भारी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी करने की कोशिश की जा रही है। इसी आधार पर गुरुवार एसटीएफ और गजोलडोबा आउटपोस्ट पुलिस के अधिकारियों ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी थी। इसके बाद एक संदिग्ध मालवाहक ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक की बातों में विरोधाभास दिखने पर अधिकारियों ने ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर से एक के बाद एक पैकेट मिले, जिन्हें खोलने पर उनमें गांजा पाया गया।

पुलिस के मुताबिक, कुल मिलाकर लगभग 52 किलो गांजा बरामद हुआ है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि बरामद गांजा कूचबिहार से सिलीगुड़ी तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार