भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार
डालखोला, 06 नवंबर (हि. स.)। त्योहारों के मौसम और दीपावली से पहले उत्तर बंगाल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार तड़के डालखोला थाने की पुलिस ने अभियान चलाकर एक किलो 106 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ मालदा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान निजामुल मोमिन और जिनातुन फिरदौस के रूप में हुई है। दोनों मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार तड़के पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी के जरिए भारी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के बस्ताडांगी इलाके में नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी से 11 पैकेटों में रखी करीब एक किलो 106 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की खेप डिलीवरी के लिए ले जाई जा रही थी। इस अभियान का नेतृत्व डालखोला पुलिस महकमा के एसडीपीओ चैतन्य खेमानी और आईसी शंख चटर्जी ने किया। आरोपितों को रायगंज स्पेशल कोर्ट में पेश करने के तैयारी में पुलिस जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

