home page

सूरजपुर : चाकू-पिस्टलनुमा हथियार के साथ दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
सूरजपुर : चाकू-पिस्टलनुमा हथियार के साथ दो आरोपित गिरफ्तार


सूरजपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। रामानुजनगर थाना क्षेत्र में चाकू और पिस्टलनुमा हथियार लेकर घूम रहे दो आरोपितों को डॉयल 112 के आरक्षक की सजगता और ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ा गया। आज शनिवार को पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की। आरक्षक की कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने उन्हें नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार 06 अगस्त की शाम डॉयल 112 में तैनात आरक्षक प्रदीप सोनवानी को सूचना मिली कि ग्राम महंगई हरिजनपारा में एक बलेनो कार क्रमांक सीजी 29 एजी 1126 में सवार चालक और उसका साथी चाकू व पिस्टल लेकर घूम रहे हैं। आरक्षक ने ग्रामीणों की मदद से दोनों संदिग्धों को मौके पर ही रोककर पकड़ लिया और इसकी सूचना रामानुजनगर पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही रामानुजनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में सवार कैफ अंसारी पिता सहाबुद्दीन अंसारी, उम्र 24 वर्ष और विकास रवि पिता स्वर्गीय रामकुमार रवि, उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी नावापारा खुर्द को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक धारदार चाकू और एक पिस्टल जैसा हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने बलेनो कार, चाकू और पिस्टलनुमा हथियार को जब्त कर लिया। मामले में रामानुजनगर थाने में अपराध क्रमांक 237/26 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट और 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक डॉयल 112 के आरक्षक प्रदीप सोनवानी की सतर्कता और त्वरित सूचना के कारण हथियार लेकर घूम रहे दोनों आरोपितों को समय रहते पकड़ा जा सका। उनके इस सराहनीय कार्य की पुलिस अधीक्षक ने प्रशंसा करते हुए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय