हवाई फायरिंग में दो आरोपित तमंचे के साथ पकड़ा गया
हमीरपुर 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली पुलिस ने तीन दिन पहले कस्बे के दो स्थानों पर हवाई फायरिंग और जान से मारने की धमकी के मामले में सोमवार को वांछित चल रहे दो आरोपितों को दो अवैध देशी तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है।
कोतवाल अनूप सिंह ने सोमवार को बताया कि कोट बाजार निवासी शेख जहीर ने मुस्सु पठान एवं एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ घर के बाहर हवाई फायर व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था।
एसआई नीरज, पवन चौधरी ने पुलिस टीम के साथ हमीरपुर रोड स्थित मोर्चरी हाउस मोड़ के पास से वांछित सिकंदरपुरा निवासी मुशर्रफ उर्फ मुस्सु पठान और प्रांजुल को गिरफ्तार कर लिया। मुशर्रफ उर्फ मुस्सु पठान के पास से एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 100 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं, प्रांजुल के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा 120 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक को भी बरामद किया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

