home page

सिरसा: दिव्यांग व्यक्ति को शादी और गिफ्ट का झांसा देकर ठगे सात लाख रुपये, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 

सिरसा, 21 फ़रवरी (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने सिरसा जिले के एक दिव्यांग व्यक्ति को शादी व गिफ्ट का झांसा देकर करीब सात लाख रुपये ठगने वाले दो आरोपियों को फरीदाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदाबाद निवासी राहुल कुमार व राहुल शर्मा के रूप में हुई है।

सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने शनिवार को बताया कि जिले के गांव बीरूवालागुढा निवासी चेतराम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पीड़ित चेतराम ने शिकायत में बताया कि वह बिजली करंट लगने के कारण सौ प्रतिशत विकलांग है। उसके व्हाट्सअप पर महिला का संदेश आया, जिसने स्वयं को अमेरिका निवासी विधवा बताते हुए सिरसा के एक डेरे का अनुयानी होने का दावा किया। संदेश भेजनी वाली महिला ने पीड़ित से कहा कि उसने मैरिज वेबसाइट पर उसकी प्रोफाइल देखी है और वह उससे विवाह करना चाहती है।

उपरोक्त महिला ने पीड़ित से उसका घर का पता, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर प्राप्त कर लिया और गिफ्ट भेजने की बात कही। कुछ दिनों के बाद उसे कॉल आई और कहा कि उसके नाम अंतरराष्ट्रीय पार्सल आया है, जिसके कस्टम व अन्य शुल्क के रूप में 26,500 रुपये जमा करवाने होंगे। आरोपियों द्वारा भेजे गए बैंक खाते में पीड़ित ने राशि ट्रांसफर कर दी। इसके बाद बहाने बनाकर लगातार पैसों की मांग की जाती रही। शादी और गिफ्ट के नाम पर झांसा देकर ठगों ने करीब सात लाख रुपये की ठगी कर ली। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई। पुलिस टीम ने फरीदाबाद में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संबंधित बैंक खातों के अकाउंट होल्डर थे और लालच में आकर उन्होंने अपने खाते अन्य व्यक्तियों को उपयोग के लिए उपलब्ध करवा दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma