हिस्ट्रीशीटर प्रॉपर्टी डीलर का हत्यारोपित गिरफ्तार, जेल
सुलतानपुर, 29 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर प्रॉपर्टी डीलर माता प्रसाद पांडेय उर्फ मतऊ पांडेय की गोली मारकर हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य शूटर समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुरेंद्र शर्मा और प्रवीण कुमार सिंह उर्फ राहुल सिंह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि प्रवीण कुमार सिंह उर्फ राहुल सिंह इस सनसनीखेज हत्याकांड का मास्टरमाइंड है, जिसने पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और पल्सर बाइक बरामद की है।
माता प्रसाद पांडेय उर्फ मतऊ पांडेय प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े थे और उनका क्षेत्र में प्रभाव था। प्रारम्भिक जांच में हत्या का मुख्य कारण जमीन को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। इसी विवाद के चलते आरोपितों ने योजनाबद्ध तरीके से बुधवार रात इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही कुड़वार थाना पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इस मामले में पहले भी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामन्त ने रविवार को बताया कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

