home page

ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, 3.50 लाख के मोबाइल बरामद

 | 
ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, 3.50 लाख के मोबाइल बरामद


कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। जीआरपी ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.50 लाख रुपये कीमत के चार चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने शनिवार काे बताया कि कानपुर सेंट्रल ने ट्रेनों में मोबाइल चोरी और झपटमारी करने वाले दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक एप्पल आईफोन सहित चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है।

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के हरबंश मोहाल पुल से आगे सीपीसी वाशिंग लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित पावर हाउस के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ट्रेनों के आउटर पर रफ्तार धीमी होने का फायदा उठाकर खिड़की और दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रंजीत गौतम और लकी के रूप में हुई है। बरामद मोबाइल विभिन्न चोरी की घटनाओं से संबंधित बताए जा रहे हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास के साथ-साथ अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

जीआरपी ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को दिलाने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप