रायपुर में चार किलो गांजा के साथ मध्यप्रदेश के दो आरोपित गिरफ्तार, कीमत दाे लाख रुपये
भाठागांव बस स्टैंड के पास ग्राहक तलाशते पकड़े गए आरोपित, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
रायपुर, 25 अक्टूबर (हि. स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आज रविवार को भाठागांव बस स्टैंड स्थित पानी टंकी के पास से मध्यप्रदेश के दो आरोपितों को 4 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से गांजा रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो बैग भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना टिकरापारा पुलिस को 25 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड के पास दो व्यक्ति नीले-काले रंग के बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा और तलाशी ली। इस दौरान दोनों के बैग से खाकी टेप से लिपटा कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सलीम बेग (42 वर्ष) और फम्मू फहीम बेग (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मध्यप्रदेश के भोपाल जिले की राजगढ़ कॉलोनी, छोला रोड, थाना गौतम नगर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 994/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 4 नवंबर 2026 तक रिमांड पर लिया गया है। जब्ती की कार्रवाई भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 105 के तहत मौके पर वीडियोग्राफी कर की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देश पर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त, न्यू राजेंद्र नगर, नवनीत पाटिल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि, सूखे नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना टिकरापारा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

