रघुनाथनगर में बाइक से शराब ले जा रहे दो आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 9 लीटर अंग्रेजी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध गतिविधियों और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रघुनाथनगर पुलिस गिरवानी चौक पर वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई। बाइक पर सवार दो व्यक्तियों के पास एक सफेद प्लास्टिक का थैला मिला।
जांच के दौरान थैले से दबंग गोल्ड ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 45 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह कुल 9 लीटर शराब की कीमत 4,050 रुपये आंकी गई। पुलिस ने 30 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल समेत शराब को गवाहों के समक्ष जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कतवारी राम कोरवा, निवासी ग्राम पंडरी, थाना रघुनाथनगर और राजकुमार कोरवा, निवासी ग्राम खून्सी, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर दोनों को आज मंगलवार को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

