10.952 किलो अवैध गांजा के साथ दो आरोपित गिरफ्तार
जगदलपुर, 02 मई (हि.स.)। बस्तर जिले के नगरनार पुलिस ने आज शनिवार काे 10.952 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपितों अखिल मोहम्मद शेख (60 वर्ष), निवासी मालवीय वार्ड, वरोरा थाना, जिला चंद्रपुर महाराष्ट्र तथा संतोष शंकरराव बावणकर (50 वर्ष), निवासी चिमुर गोंड मोहल्ला, थाना चिमुर, जिला चंद्रपुर महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित बाजार मूल्य 5 लाख 47 हजार 600 रुपये आंकी गई है। आरोपितों के कब्जे से एक एंड्रॉइड मोबाइल और नगदी रकम भी बरामद किया गया है।
नगरनार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबीर से जानकारी मिली थी कि उड़ीसा से अवैध रूप से गांजा लेकर दो व्यक्ति धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर नगरनार थाना पुलिस ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाका एनएच-63 पर घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार दो संदिग्ध व्यक्ति पीले रंग के विमल पान मसाला बैग के साथ टैक्सी से उतरकर वाहन की तलाश करते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने दोनों को रोककर पूछताछ की और उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से दो पैकेट में कुल 10.952 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ एक एंड्रॉइड मोबाइल कीमत 6 हजार 500 रुपये और नगद 2 हजार 170 रुपये भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि, वे उड़ीसा से गांजा लेकर महाराष्ट्र के चंद्रपुर ले जा रहे थे। आरोपितों के खिलाफ थाना नगरनार में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

