home page

आगरमालवा : 94.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपित गिरफ्तार, 10.55 लाख का माल जब्त

 | 
आगरमालवा : 94.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपित गिरफ्तार, 10.55 लाख का माल जब्त


आगरमालवा, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ौद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 94.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल सहित कुल 10 लाख 55 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार बड़ौद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुराड़िया स्थित पुरानी गिट्टी मशीन के पीछे गौशाला रोड पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से एमडी ड्रग्स लेकर किसी व्यक्ति को देने पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध दानुसिंह पिता चन्दरसिंह सौंधिया राजपूत, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम लोटियाकिशना, थाना बड़ौद को पकड़ लिया।

विधिसम्मत तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 94.70 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पूछताछ में दानुसिंह ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त एमडी ड्रग्स ग्राम महुडिया निवासी शंकरसिंह पिता गोपालसिंह सौंधिया, उम्र 25 वर्ष, से प्राप्त की थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर शंकरसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शंकरसिंह ने दानुसिंह को मादक पदार्थ उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।

एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज

बड़ौद पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। शंकरसिंह की भूमिका सामने आने पर प्रकरण में धारा 29 एनडीपीएस एक्ट भी जोड़ी गई है। पुलिस दोनों आरोपितों से मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा