home page

4.110 किलो गांजे के साथ दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
4.110 किलो गांजे के साथ दो आरोपित गिरफ्तार


रायगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भूपदेवपुर पुलिस ने आज शुक्रवार काे ग्राम बिंजकोट में कार्रवाई कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 किलो 110 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में गांजा लेकर बिंजकोट से दर्रामुड़ा की ओर पैदल जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक और प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव के नेतृत्व में टीम ने बिंजकोट मुख्य मार्ग के पास घेराबंदी की।

इस दौरान पुलिस ने बिंजकोट कुम्हारडीपा निवासी धनेश्वर कुम्हार (62) को पकड़ा। तलाशी में उसकी बोरी से खाकी टेप में लिपटे गांजे के चार पैकेट मिले। वजन कराने पर कुल मात्रा 4.110 किलोग्राम निकली।

पुलिस की पूछताछ में धनेश्वर ने गांजा बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की। मामले की जांच आगे बढ़ी तो ग्राम दर्रामुड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पटेल (39) की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि ठाकुर प्रसाद के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम के रूप में 500 रुपये बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपिताें के खिलाफ थाना भूपदेवपुर में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान