1.1 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपित गिरफ्तार
मोटरसाइकिल व मोबाइल समेत 36 हजार का सामान जब्त
धमतरी, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस ने बुधवार काे कार्रवाई करते हुए 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 36 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब तथा अन्य अवैध कारोबारों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छाती स्थित एचएच-30 हाईस्कूल के पास दो व्यक्ति हेरोइन (चिट्टा) बिक्री के उद्देश्य से आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत छह हजार रुपये आंकी गई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 10 हजार रुपये तथा एक मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, भी जब्त की गई। इस प्रकार कुल 36 हजार रुपये का मशरूका पुलिस ने जब्त किया।
पूछताछ और प्रारंभिक विवेचना के आधार पर थाना कुरुद में आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वाहिद खान (27), निवासी संजय नगर, कुरुद तथा केशवराम ध्रुव (26), निवासी संजय नगर, कुरुद के रूप में हुई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, नशे के अवैध कारोबार और अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

