धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर, 24 अगस्त (हि. स.)। शहर में धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने वाले दो युवकों को कोतवाली पुलिस ने किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने से पहले गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से दो नग बटनदार चाकू बरामद किए हैं।
आरोपितों के खिलाफ पृथक-पृथक आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर आज जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरीश चौहान (21वर्ष ), पिता रमाशंकर चौहान, निवासी तलवापारा जांजगीर तथा पृथ्वीराज सूर्यवंशी (23वर्ष ), पिता दूजराम सूर्यवंशी, वार्ड क्रमांक 10, तलवापारा जांजगीर के रूप में हुई है।
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने थाना प्रभारियों की बैठक लेकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शारदा चौक और तलवापारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो बटनदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर, प्रकाश चंद्र राठौर, आलोक शर्मा तथा आरक्षक विनोद राठौर और दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

